उत्तराखंडयूथराजनीतिसामाजिक

टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम’ का हुआ शंखनाद, सीडीओ टिहरी ने ली बैठक

खबर सागर

टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम’ का हुआ शंखनाद, सीडीओ टिहरी ने ली बैठक

मा. भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत सोमवार से प्रदेश के साथ-साथ पूरे जनपद टिहरी गढ़वाल में सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने के महा-अभियान की औपचारिकता शुरुआत हो गई है।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जनपद के समस्त नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने और अपने-अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।

सीडीओ ने कहा कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता और सुगमता से संपन्न कराने के लिए जनपद स्तर पर बीएलओ, आईटी विशेषज्ञों और नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है, जिन्हें इस कार्य के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इस महा-अभियान के तहत सोमवार से ही सभी बीएलओ जनपद के प्रत्येक नागरिक के घर-घर जाकर एमूलेशन (गणना) फार्म का वितरण कर रहे है और साथ ही भरे हुए फार्मों को वापस एकत्रित भी करेंगे।

सीडीओ ने सभी जनपद वासियों से आग्रह किया है कि जब भी बीएलओ आपके दरवाजे पर आएं, तो उनसे यह फार्म सहर्ष प्राप्त करें और उसमें मांगी गई सभी जानकारियों एवं व्यक्तिगत विवरणों को बिल्कुल सही-सही भरकर अपने बीएलओ को वापस सौंपें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अपडेट होना बेहद जरूरी है, जिसमें हर एक नागरिक की जिम्मेदारी सबसे अहम है। ताकि कोई भी पात्र मतदाता ना छूटे और अपात्र मतदाता का नाम ना रहे।

सीडीओ ने जनपद के प्रवासियों तथा कामकाजी नागरिकों हेतु बताया कि जो मतदाता नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन के समय अपने घरों पर उपलब्ध नहीं रह पाते हैं, उनके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक ए कॉल विद BLO” का एक बेहतरीन और आधुनिक डिजिटल फीचर लॉन्च किया गया है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर विजिट कर सकते हैं या फिर अपने स्मार्टफोन में ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड करके सीधे अपने बीएलओ के साथ ऑनलाइन कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के अधिकतम दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं उस मतदाता से संपर्क स्थापित करेंगे। इसके अतिरिक्त, यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता अपने घर पर अनुपलब्ध मिलता है, तो बीएलओ उनके पते पर कुल तीन बार विजिट करेंगे। यदि तीसरी बार भी मुलाकात नहीं हो पाती है, तो ऐसी स्थिति में बीएलओ घर के बाहर एक विशेष स्टीकर लगाएंगे, जिस पर बीएलओ के अगले विजिट की तारीख, समय और उनका मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होगा, ताकि मतदाता अपनी सुविधानुसार उनसे संपर्क स्थापित कर गणना फार्म की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

सीडीओ ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि युवाओं और नए मतदाता इस पूरी प्रक्रिया के दौरान, मतदाता बनने से छूट गए है, या वर्तमान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे है और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहते है, तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क स्थापित कर फार्म-6 भर सकते है और उसे बीएलओ के पास ही जमा करा सकते है।

साथ ही सीडीओ से नगर पालिका, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शहरी विकास, सूचना विभाग आदि को SVEEP के अंतर्गत जन सामान्य के मध्य व्यापक प्रचार प्रसार किए जाने हेतु निर्देशित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!