उत्तराखंडसामाजिक

77वें गणतंत्र दिवस पर जनपद मुख्यालय में डीएम टिहरी ने किया ध्वजारोहण

खबर सागर

 

77वें गणतंत्र दिवस पर जनपद मुख्यालय में डीएम टिहरी ने किया ध्वजारोहण

जनपद मुख्यालय पर सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खण्डेलवाल द्वारा नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, विभिन्न विभागों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट/परेड प्रस्तुत की गई, जिसका निरीक्षण कर जिलाधिकारी द्वारा सलामी ली गई।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से टिहरी रियासत के भारत में विलय के उपरांत उत्पन्न आर्थिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर विश्लेषण करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही ‘दिशा’ की बैठकों में नई व्यवस्थाएं विकसित करने की बात कही।

जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान अत्यंत सशक्त है, जिसकी अखंडता को विश्व की कोई शक्ति भंग नहीं कर सकती। उन्होंने सभी से संविधान के अनुरूप विचार, न्याय एवं अभिव्यक्ति को बनाए रखने तथा छोटे-छोटे योगदान के माध्यम से पूर्ण निष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, जिला अध्यक्ष भाजपा उदय सिंह रावत एवं जिला अध्यक्ष कांग्रेस मुरारी लाल खण्डवाल द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अवतार सिंह तोपाल के पुत्र प्रेम सिंह तोपाल को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेल विभाग द्वारा आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं एवं परेड टुकड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुण अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी ज्योति प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, नगर पालिका परिषद चंबा अध्यक्ष शोभिनी धनौला, एएसपी जे.आर. जोशी, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम स्नेहिल कुंवर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!