
खबर सागर
भगवान जगन्नाथ जी की 27वीं विशाल भव्य शोभायात्रा में उमंडा श्रद्धा, भक्ति का उत्साह
रामनगर में भगवान जगन्नाथ जी की 27वीं विशाल एवं भव्य शोभायात्रा पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाली गई।
बैंड-बाजों और जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ को अपने हाथों से खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ श्री नागा बाबा मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुआ। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। नगर भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने बताया कि रामनगर में भगवान जगन्नाथ जी की शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष 1999 में स्वर्गीय डॉ. प्रमोद मेहरोत्रा के नेतृत्व में हुई थी। उनके एवं उनके परिवार के प्रयासों से श्री नागा बाबा मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर की स्थापना भी की गई। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य रहा और भविष्य में भी यह धार्मिक परंपरा इसी भव्यता के साथ जारी रहेगी।



