
खबर सागर
पर्यटक गांव सारी में होगा भगवती नन्दा के भव्य कौशिक का आयोजन, तैयारियां शुरू
तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती नन्दा आगामी दिनों में तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देंगी। भगवती नन्दा की के क्षेत्र आगमन को लेकर सभी गांवों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दौरान पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा के भव्य कौशिक का आयोजन किया जाएगा।
भगवती नन्दा के गांव-गांव भ्रमण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। भगवती नन्दा के विभिन्न गांवों आगमन को धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा लोक आस्था को सुदृढ़ करने की महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। भगवती नन्दा के आगमन को लेकर विभिन्न गांवों में भगवती नन्दा के स्वागत और पूजा-अर्चना की तैयारियां की जाएंगी।
पर्यटक गांव सारी में आयोजित होने वाला भगवती नन्दा का भव्य कौशिक इस धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मां नन्दा के आगमन से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ ही पारंपरिक लोक संस्कृति को भी नई ऊर्जा मिलेगी।



