
खबर सागर
ऊखीमठ भ्रमण के बाद तुंगनाथ घाटी में होगा दिवारा यात्रा का प्रवेश
कालीमठ घाटी के चौरा नामक स्थान पर जगत कल्याण की कामना को लेकर तपस्यारत भगवती चामुण्डा की तृतीय चरण की दिवारा यात्रा रविवार रात्रि को भगवान ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं को आशीष प्रदान करते हुए यात्रा के ऊखीमठ पहुंचने को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालु विधि-विधान से देवी का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना करेंगे । दिवारा यात्रा आगामी दिनों में ऊखीमठ नगर एवं आसपास के धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगी। इसके पश्चात भगवती चामुण्डा की डोली तुंगनाथ घाटी की ओर प्रस्थान करेगी।
हिमालय की सुरम्य वादियों से होकर गुजरने वाली यह यात्रा जहां क्षेत्र की प्राचीन लोक परंपराओं और आस्था को जीवंत करती है, वहीं गांव-गांव में श्रद्धालुओं को देवी के दर्शन एवं आशीर्वाद का अवसर भी प्रदान करती है। तुंगनाथ घाटी के भ्रमण के बाद दिवारा यात्रा की अगली मंजिल भूवैकुण्ठ बद्रीनाथ धाम होगी।
यहां भगवती चामुण्डा और भगवान बद्रीनाथ के पौराणिक धार्मिक संबंधों की परंपरा के अनुरूप विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं दर्शन होंगे। वर्षों बाद होने वाले इस पावन मिलन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।



