
खबर सागर
अवैध प्लॉटिंग पर चला प्रशासन का बुलडोजर
अवैध प्लॉटिंग और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में विकासनगर तहसील क्षेत्र के शेरपुर स्थित कल्याणपुर में तहसील प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग के लिए तैयार किए गए रास्तों, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से यह कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से जमीन विकसित कर प्लॉट बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल,विकासनगर तहसील क्षेत्र के शेरपुर, कल्याणपुर में नेशनल हाईवे के किनारे करीब 35 बीघा भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसके लिए भूमि पर रास्ते बनाए जाने के साथ ही बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण भी कर दिए गए थे। मामले की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध प्लॉटिंग के लिए किए गए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
नायब तहसीलदार नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध प्लॉटिंग और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि पछवादून क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन पहले भी कार्रवाई कर चुका है। शेरपुर, जाटोवाला सहित अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध रूप से भूमि विकसित कर प्लॉट काटने वालों में खलबली मची हुई है।



