खबर सागर
1965,1967 और 1971 की लड़ाई लड़ चुके पूर्व सैनिक अपने घर बचाने की लगाई गुहार
बागेश्वर में 1965, 1967 और 1971 के युद्ध में देश के लिए लड़ चुके पूर्व सैनिक प्रेम राम पुत्र दौलत राम अब अपने घर को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांडा के ढुंगा पंत बासतोली निवासी पूर्व सैनिक प्रेम राम सोमवार को अपने परिवार के साथ जनता दरबार पहुंचे और डीएम के समक्ष रोते हुवे अपने घरों को बचाने की गुहार लगाई।
पूर्व सैनिक प्रेम राम का कहना है कि उनके घरों के ऊपर खड़िया खदान संचालित होने के कारण क्षेत्र में जमीन धंसने और खिसकने की समस्या लगातार बढ़ रही है। खड़िया खदान के कारण पूरा क्षेत्र तालाब बन गया है और धीरे-धीरे जमीन खिसकने से उनके मकान में दरारें पड़ गई हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके पुत्र ललित मोहन और सेकेंद्र प्रसाद के मकान भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
प्रेम राम ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वह अपनी पत्नी के साथ वर्तमान में बेटी सरस्वती देवी के घर में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल घर और परिवार की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनके घर को बचाने के लिए कार्रवाई नहीं की गई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय में ही आत्महत्या करने को मजबूर होंगे।



