
खबर सागर
विश्वविख्यात पौराणिक धार्मिक
तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा 2.32 लाख के पार
देवभूमि उत्तराखण्ड के विश्वविख्यात पौराणिक एवं धार्मिक स्थल त्रियुगीनारायण में इस वर्ष तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की अभूतपूर्व आमद देखने को मिल रही है। भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध इस तीर्थ में दर्शनार्थियों का आंकड़ा 2 लाख 32 हजार के पार पहुंच गया है।
बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंचकर अखंड धूनी के दर्शन, सरस्वती कुंड, रुद्र कुंड एवं विष्णु कुंड में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। चारधाम यात्रा के साथ-साथ त्रियुगीनारायण धाम भी श्रद्धालुओं की पहली पसंद बनता जा रहा है।
धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य और पौराणिक महत्व के कारण यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और होमस्टे संचालकों में भी तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या से उत्साह है।
मन्दिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार त्रियुगीनारायण में अभी तक 1 लाख 11 हजार 530 पुरुष, 1 लाख 1 हजार 477 महिलाएं, 19 हजार 731 नौनिहालों सहित 2 लाख, 32 हजार 738 तीर्थ यात्री पहुंच चुके हैं।



