खबर सागर
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेसवार्ता का आयोजन
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई इस प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम का अधूरा गायन किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह राष्ट्रीय गीत का अपमान है। भट्ट ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रीय स्वाभिमान और देशभक्ति से बढ़कर कुछ भी नहीं है। कांग्रेस ने वर्ग विशेष के तुष्टिकरण के लिए राष्ट्रीय गीत का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी वंदे मातरम को राष्ट्रभावना से ओतप्रोत बताया था, लेकिन कांग्रेस ने उनके विचारों को भी नहीं अपनाया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रगान और वंदे मातरम को समान दर्जा दिया था, लेकिन कांग्रेस की तुष्टिकरण की सोच ने इसका भी अपमान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर पूरे सम्मान के साथ इसे मनाया है। संसद में भी राष्ट्रीय गीत का सम्मान किया गया है। अब भाजपा राष्ट्रीय गीत के सम्मान में जनता के बीच जनजागरण अभियान चलाएगी और पार्टी के हर कार्यक्रम में वंदे मातरम का गायन किया जाएगा।



