
खबर सागर
मुख्यमंत्री जन-जन के द्वार कार्यक्रम में गोपेश्वर में सीएम धामी का भव्य स्वागत
सरकार के “जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर पहुंचे, जहां प्रभारी मंत्री भारत सिंह चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस मैदान कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। बस स्टैंड गोपेश्वर से पुलिस मैदान तक रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
पुलिस मैदान में आयोजित जन-जन के द्वार कार्यक्रम में जनपद भर से सैकड़ों लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए उन्होंने जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गांव-गांव की महिलाएं रोजगार से जुड़ रही हैं और सरकार उन्हें हर संभव सहयोग दे रही है।
बद्रीनाथ धाम में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरों में चोरी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह का कृत्य गौहत्या जैसे महापाप के समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है और जनता एक बार फिर उन्हें प्रदेश की सेवा का अवसर देगी।



