उत्तराखंडमनोरंजनस्पोर्ट्स

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल जल्द होंगे आयोजित

खबर सागर

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल जल्द होंगे आयोजित

जिला क्रीड़ा अधिकारी टिहरी गढ़वाल दीपक रावत ने अवगत कराया कि जनपद में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल शीघ्र आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में खेल निदेशालय द्वारा विस्तृत कार्यक्रम पृथक से जारी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के उत्तराखंड के उदीयमान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को विकसित करना, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को तैयार करना है। योजना का लाभ केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी बालक एवं बालिकाओं को मिलेगा। आयु का निर्धारण जन्म प्रमाण पत्र अथवा विद्यालयी अभिलेखों के आधार पर किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक आयु वर्ग में 25-25 बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया जिला स्तर पर गठित समिति की देखरेख में संपन्न होगी, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे। समिति में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सदस्य तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।

उन्होंने बताया कि चयन फिजिकल एवं स्पोर्ट्स एप्टीट्यूड टेस्ट के तहत निर्धारित छह शारीरिक दक्षता परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। साथ ही विभागीय खेल स्टेडियमों एवं खेल सुविधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण, प्रवेश तथा विभाग की ओर से परिचय पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने अभिभावकों एवं विद्यालयों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को योजना के चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!