खबर सागर
कांवड़ मेला को लेकर डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण
मुनिकीरेती में समीक्षा बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग सहित व्यवस्थाओं को दुरस्थ करने के निर्देश
कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को मुनिकीरेती एवं तपोवन क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके उपरांत नगर पालिका सभागार, मुनिकीरेती में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकी पुल, मुनिकीरेती, तपोवन क्षेत्र, रामझूला पुल तथा बजरंग सेतु सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रामझूला पुल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं एसडीआरएफ की तैनाती, घाटों की सुरक्षा, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने, गंगा के जलस्तर की निरंतर निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर समय से चेतावनी प्रसारित करने तथा सभी ड्यूटी स्थलों पर कार्मिकों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलों पर किसी भी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने लक्ष्मण झूला, जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु पर समय से व्यू-कटर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को पुलों पर रुककर फोटो एवं वीडियो बनाने से रोका जाए।
साथ ही भद्रकाली क्षेत्र में स्थापित की जाने वाली एलईडी स्क्रीन को आई-लेवल पर लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को यातायात रूट प्लान, मौसम संबंधी जानकारी मिल सके ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में अधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी, प्रभावी भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों एवं घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए क्यूआरटी की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, थाना प्रभारी मुनिकीरेती प्रदीप चौहान, अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती, ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष राजेश लांबा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



