उत्तराखंडपर्यटनमनोरंजनराजनीतिसामाजिक

‎ ‎बांध प्रभावितों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक

खबर सागर
‎
‎बांध प्रभावितों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक
‎
‎ -भूमि, मुआवजा और पुनर्वास से जुड़े करीब 90 मामले सामने आए; अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
‎
टिहरी बांध प्रभावितों के पुनर्वास से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रभावितों एवं प्रतिनिधिमंडलों ने भूमि पात्रता, मुआवजा, पुनर्वास, विस्थापन क्षेत्र के विकास, स्वतंत्रता सेनानी स्मारक, टिनशेड, समझौते के अनुसार भूमि संबंधी कार्यवाही, टैक्सी स्टैंड, सड़क, विद्युत एवं पेयजल से जुड़े संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में करीब 90 मामलों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमों एवं उपलब्ध पत्रावलियों का परीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
‎
‎केमसारी में बनाए गए टिनशेड के संबंध में पात्र परिवारों के चिन्हीकरण एवं उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई। विधायक किशोर उपाध्याय ने पुनर्वास निदेशालय को पात्र परिवारों का चिन्हीकरण कर उनकी समस्याओं का परीक्षण करने तथा टिनशेड आवंटन के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने पुनर्वास विभाग, स्थानीय पार्षद एवं संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए समिति गठित कर इसी माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों की समस्याओं का समाधान करते हुए टिनशेड आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
‎
‎कठियाल गांव से आए प्रतिनिधिमंडल ने टीएचडीसी द्वारा समझौते के तहत भूमि से संबंधित कार्यवाही नहीं किए जाने का मामला रखा। इस पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने पुनर्वास निदेशालय को संबंधित गांव की पत्रावलियों का परीक्षण कर प्रकरण में की गई एवं प्रस्तावित कार्यवाही से एक सप्ताह के भीतर अवगत कराने के निर्देश दिए।
‎
‎डीबनू गांव के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मामले रखे। जिलाधिकारी ने गांव से संबंधित समझौते, भुगतान एवं अन्य कार्यवाहियों की समरी तैयार कर प्रस्तुत करने तथा ग्रामीणों से जुड़े सभी मामलों को एक साथ संकलित करने को कहा। विधायक ने टीएचडीसी से इन मामलों का समयबद्ध समाधान करने को कहा।
‎
‎टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्र में अभी तक टैक्सी स्टैंड का निर्माण नहीं हुआ है। पुनर्वास निदेशालय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने टीएचडीसी में किराये पर लगाए जाने वाले वाहनों में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी।
‎
‎विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि पुनर्वास से संबंधित कुछ मामले अभी भी लंबित हैं। प्रभावितों ने बैठक में अपने मामले अधिकारियों के समक्ष रखे हैं, जिन पर विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने प्रभावितों से कहा कि जिनके मामले लंबित हैं, वे अपने प्रकरणों की जानकारी पहले से पुनर्वास निदेशालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित पत्रावलियां समय से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि मामलों की प्रगति की समीक्षा के लिए करीब तीन सप्ताह बाद पुनः संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
‎
‎पिपोला गांव से संबंधित मामले में जिलाधिकारी ने पुनर्वास टीम को संबंधित गांव का एक माह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर परीक्षण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि निरीक्षण से पूर्व उन्हें भी इसकी सूचना दी जाए, ताकि वे निरीक्षण टीम के साथ मौके पर जाकर प्रभावितों की समस्याओं की जानकारी ले सकें।
‎
‎जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए कि बैठक में सामने आई सभी समस्याओं का पुनर्वास निदेशालय एवं टीएचडीसी द्वारा परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही विधायक टिहरी द्वारा दिए गए निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित किया जाए।
‎
‎बैठक में जिला अध्यक्ष भाजपा उदय रावत, महाप्रबंधक पुनर्वास विजय सहगल, उप महाप्रबन्धक राकेश थपलियाल, अधिशासी अभियंता पुनर्वास शक्ति प्रसाद चमोली, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, पुनर्वास विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीण उपस्थित रहे।
‎

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button