
खबर सागर
स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस प्रबंधन पर कार्यशाला का आयोजन
स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस प्रबंधन को लेकर जिला पंचायत टिहरी के तत्वावधान में ब्लॉक सभागार थत्यूड़ में प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें आम जनता से कूड़ा निस्तारण में सहयोग की अपील की है।
शनिवार को ब्लॉक प्रमुख सीता पवार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों को कूड़े के उचित प्रबंधन, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के नीरज भाटिया, मोहम्मद इमरान और मोहित जरदारी तथा जिला पंचायत के जेई आशीष उनियाल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों ने कूड़ा प्रबंधन को लेकर अपनी समस्याएं पटल पर रख कर सवाल भी रखे।
वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के नीरज भाटिया ने कहा कि जिला पंचायत के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नए नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। व्यापार मंडल, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कूड़े को अलग-अलग करने और उसके निस्तारण से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं सामने आने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पंचायत के जेई आशीष उनियाल ने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई स्थानों पर लोग गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग नहीं कर रहे हैं। दोनों प्रकार के कचरे को एक साथ फेंकने से निस्तारण में परेशानी के साथ ही गंदगी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों और खुले स्थानों कूड़ा फेंकने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।



