
खबर सागर
केदार घाटी में तीन प्रमुख देव पालगीयों की गूंज के जयकारों का उद्घोष
केदार घाटी में इन दिनों तीन प्रमुख देवपालगीयों की दिवारा यात्राओं से आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। करीब 15 वर्षों बाद क्षेत्र की आराध्य देव शक्तियां दिवारा यात्रा पर निकलकर गांव-गांव भ्रमण कर रही हैं और श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं।
भगवती कालीमाई की दिवारा यात्रा फाटा क्षेत्र में भ्रमण कर रही है, जबकि भगवती महिष मर्दिनी की दिवारा यात्रा गुप्तकाशी क्षेत्र में पहुंचकर श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछ रही है।
वहीं भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा कालीमठ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर रही है। दिवारा यात्रा के दौरान देव डोली के गांव में पहुंचते ही ग्रामीण पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भक्तिमय जयकारों के साथ देवी का स्वागत कर रहे हैं।
महिलाओं द्वारा मंगल गीत एवं पारंपरिक पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु देव डोली के दर्शन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद निकली इन दिवारा यात्राओं को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।



