
खबर सागर
कैडल मार्च निकाल डाॅ. कैलाश पुष्वाण को दी भावभीनी
पंच केदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण के पति डाॅ. कैलाश पुष्वाण की सड़क हादसे में हुई आकस्मिक मृत्यु से समूची केदारघाटी शोक में डूबी हुई है।
बुधवार देर सांय को विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, मातृ शक्ति , होटल व्यवसायियों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भारत सेवाश्रम आश्रम से मुख्य बाजार होते हुए तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक तक कैडल मार्च निकालकर दिवंगत डाॅ. कैलाश पुष्वाण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कैडल मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर डाॅ. कैलाश पुष्वाण की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान पूरा वातावरण गमगीन नजर आया। मुख्य स्टेशन पहुंचने के बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
तहसील परिसर शहीद स्मारक पर वक्ताओं ने कहा कि डाॅ. कैलाश पुष्वाण का असमय निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहते थे।
उनके निधन से परिवार के साथ-साथ होटल, होम स्टे, व्यापार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।



