
खबर सागर
दो दिनों में 22 सौ के पार पहुंचा तीर्थ यात्रि पंहुचे दर्शन को
उत्तराखण्ड के द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। धाम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ रहा कि मात्र दो दिनों में तीर्थ यात्रियों की संख्या 23 सौ के पार पहुंच गयी है।
देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु 16 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर बाबा मद्महेश्वर के दर्शनों के लिए धाम पहुंच रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही से मद्महेश्वर घाटी सहित यात्रा पड़ावों पर एक बार फिर रौनक लौट आयी है।
मद्महेश्वर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। रांसी, गौंडार, बंतोली एवं नानूं जैसे प्रमुख यात्रा पड़ावों पर यात्रियों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। स्थानीय दुकानदारों, होटल व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों तथा होम-स्टे संचालकों के चेहरों पर भी खुशी लौट आयी है। यात्रा से स्थानीय आर्थिकी को संजीवनी मिलने लगी है।



