
खबर सागर
परिवार दिवस पर ’एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया’ का शुभारंभ
परिवार दिवस के अवसर पर एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया द्वारा बौराड़ी में डिजिटल लर्निंग सेंटर (DLC) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पंवार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डिजिटल लर्निंग सेंटर का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता से जोड़ना है। प्रथम बैच में 40 बच्चों एवं युवाओं का नामांकन किया गया है, जिन्हें डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्था द्वारा विशेष रूप से कमजोर एवं संवेदनशील वर्ग के बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है।
एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया वर्तमान में बौराड़ी क्षेत्र के छह क्लस्टरों—केमसारी टिन शेड, पीपली गांव, निर्मल आवास, जसपुर गांव, मुस्लिम मोहल्ला एवं बाल्मीकि बस्ती—में कार्य कर रही है तथा लगभग 350 बच्चों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।
डिजिटल लर्निंग सेंटर के उद्घाटन के पश्चात ‘परिवार दिवस’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 150 बच्चों एवं अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल साक्षरता आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ऋषि कुमार ने कहा कि परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है तथा बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण मिलना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों एवं परिवारों के समग्र विकास हेतु संस्था के प्रयासों की सराहना की।
एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया के सीईओ सुमंत कर ने कहा कि डिजिटल साक्षरता आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह केंद्र बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद करेगा।
एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया वर्ष 1964 से बच्चों के संरक्षण, शिक्षा एवं परिवार सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है तथा देशभर में हजारों बच्चों एवं परिवारों को सहयोग प्रदान कर रही है।



