
खबर सागर
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर राजधानी देहरादून में गरजा संयुक्त मोर्चा
“चलो देहरादून” के नारे के साथ राज्यभर से जुटे हजारों कर्मचारी
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आज राजधानी देहरादून में जन आक्रोश देखने को मिला। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NMOPS) के आह्वान पर *”चलो देहरादून – पेंशन शंखनाद महारैली”* में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी परेड ग्राउंड में जुटे।
राजधानी देहरादून में जौनपुर, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा से बसों और निजी वाहनों से कर्मचारियों का आना जारी रहा। हाथों में तख्तियां, जिस पर लिखा था *”हमें चाहिए सम्मान, पुरानी पेंशन हमारा अधिकार”* और *”NPS नहीं, सिर्फ OPS”*, लेकर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदेश मोर्चा संगठन द्वारा आह्वान करते हुए कहा कि NPS शेयर बाजार पर आधारित एक जुआ है, जिसमें बुढ़ापे की कोई गारंटी नहीं है। एक कर्मचारी 30-35 साल देश की सेवा करता है, तो बुढ़ापे में सम्मानजनक पेंशन पाना उसका हक है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है, तो उत्तराखंड में क्यों नहीं?
प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा, और चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग नहीं मानी गई तो आने वाले विधानसभा चुनाव में कर्मचारी वोट की चोट से जवाब देगा।
रैली में भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।



