
- खबर सागर
जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में पर्यटन विस्तार एवं परिसंपत्तियों प्रबंधन पर चर्चा
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पर्यटन परियोजनाओं के विकास एवं निगरानी, पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रबंधन, नए पर्यटन स्थलों की पहचान, आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने, मौजूदा पर्यटक सुविधाओं के रखरखाव तथा पर्यटन गतिविधियों के प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने गढ़वाल मंडल विकास निगम से पुनः पर्यटन विभाग को हस्तांतरित उन परिसंपत्तियों की समीक्षा करते हुए, जो वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं और जिनका संचालन नहीं हो रहा है, संबंधित परिसंपत्तियों का औचित्य प्रमाण पत्र प्राप्त कर उनके संबंध में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग एवं प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में बताया गया कि जिला पर्यटन विकास समिति को विभिन्न परिसंपत्तियों से प्रतिवर्ष कुल 19,36,767 रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इसमें कोटी कॉलोनी में पार्किंग के समीप निर्मित दुकान संख्या 1 से 8 तक से 8,84,902 रुपये, कैंपटीफॉल में निर्मित शौचालय एवं चेंजिंग रूम से 90,500 रुपये तथा पर्यटक आवास गृह सेम मुखेम से 6,60,666 रुपये की वार्षिक आय शामिल है। इसके अतिरिक्त पर्यटक आवास गृह नैखरी चंद्रबदनी से 1,00,100 रुपये, चंबा पार्किंग से 1,02,266 रुपये तथा बौराड़ी पार्किंग से 98,333 रुपये की प्रतिवर्ष आय प्राप्त हो रही है।
बैठक में जनपद में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, उपलब्ध परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ टिहरी हिमांशु बंगारी, कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत एस.एस. कठैत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, खाते टूर एंड ट्रैवल्स से हनुमंत महर, कोषाधिकारी अंजलि भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



