
खबर सागर
सीएम धामी का हरिद्वार दौरा / गंगा कॉरिडोर और कांवड़ समीक्षा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने एक ओर आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा की, तो दूसरी ओर हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और कुंभ-2027 से जुड़ी चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया।
उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) के माध्यम से करीब 235.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों में रोड़ीबेलवाला क्षेत्र का सौंदर्यीकरण (58.84 करोड़ रुपये), हरकी पैड़ी सौंदर्यीकरण (66.76 करोड़ रुपये), उत्तरी हरकी पैड़ी विकास (66.34 करोड़ रुपये) तथा *प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास (43.25 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हरिद्वार आने वाले सभी शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले के दौरान सभी नियमों का पालन करने की अपील की।
साथ ही नाम बदलकर व्यापार करने के मामलों पर उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों का विधिवत पंजीकरण होना चाहिए और उनकी पहचान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा कॉरिडोर की इन विकास परियोजनाओं से हरिद्वार में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार मजबूत होगा और लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे ।



