उत्तराखंडसामाजिक

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक आयोजित

खबर सागर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक आयोजित

जनपद टिहरी गढ़वाल स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जनपद के समस्त प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बाहर से आए व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस, जो अन्य राज्यों से इस प्रदेश को हस्तांतरित हुए हैं, उनके सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाकर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे व्यक्तियों एवं अपराधियों का रिकॉर्ड संकलित किया जाए, जो हथियारों एवं गोली-बारूद की अवैध तस्करी में संलिप्त रहे हों तथा उनकी हिस्ट्रीशीट तैयार की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित हथियार एवं गोला-बारूद से संबंधित फैक्ट्रियों एवं गन हाउसों का समय-समय पर औचक सत्यापन किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी व्यक्ति द्वारा औसत से अधिक कारतूसों की खरीद किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई हो। गन हाउसों में सीसीटीवी डेटा का लगभग एक वर्ष का बैकअप सुरक्षित रखा जाए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को जनपद में संचालित बार, पब एवं अन्य रात्रिकालीन प्रतिष्ठानों के निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। यदि निर्धारित समय के बाद संस्थान संचालित पाए जाते हैं, तो संबंधित थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने राइफल क्लब को पंजीकृत कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा शस्त्र जारी करने संबंधी शर्तों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर, टिहरी एसडीएम कमलेश, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!