खबर सागर
खिर्सू में खंड विकास अधिकारी के खिलाफ जनप्रतिनिधि लामबंद
विकास कार्यो में भारी अनियमिता को लेकर विकासखंड खिर्सू के 16 क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित ब्लॉक प्रमुख ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया से मुलाकात कर बीडीओ के स्थानांतरण की मांग उठाई।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी विकास कार्यों में अनावश्यक अड़चनें उत्पन्न कर रहे हैं। साथ ही बिना टेंडर स्वीकृत हुए कार्यों को पास करने और उनकी भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने का दबाव बनाया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है और संदेह के घेरे में आता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीडीओ द्वारा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जिससे यह संदेश दिया जा रहा है कि जनप्रतिनिधि विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बीडीओ का स्थानांतरण नहीं किया गया तो सभी जनप्रतिनिधि मिलकर खंड विकास कार्यालय में धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस पूरे प्रकरण में जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



