
खबर सागर
कलेक्ट्रेट में जनता दरबार आयोजित, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनपद टिहरी गढ़वाल में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने कुल 51 से अधिक शिकायतें और समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए उपस्थित अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। जिन मामलों में शासन स्तर पर पत्राचार या किसी अन्य कार्यवाही की आवश्यकता है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए शिकायतकर्ता को भी अवश्य सूचित किया जाए।
इस दौरान केमसारी टिन शेड निवासी छटांगी देवी द्वारा अवगत कराया गया कि उनके आवंटित टिन शेड पर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं बौराड़ी 9 डी निवासी राय सिंह नेगी ने शिकायत की कि उनके पड़ोसी द्वारा चौथी मंजिल की सीढ़ियां उनके दरवाजे के सामने बना दी गई हैं, जिस पर भी एसडीएम टिहरी को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विकासखण्ड फकोट, नरेंद्रनगर के ग्राम भिन्नू की निवासी सीमा देवी ने अपनी गंभीर बीमारी (हार्ट व किडनी) के उपचार हेतु देहरादून जाने की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने एडीएम को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। चम्बा आराकोट क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या उठाए जाने पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बौराड़ी बस स्टैंड निवासी जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने अवगत कराया कि वर्ष 2011 में दुकान आवंटित होने के बावजूद उन्हें स्टोर अब तक आवंटित नहीं हुआ है। इस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सख्ती से कहा कि शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। इसके साथ ही सभी विभागों को अपने कार्यों का संपूर्ण विवरण वार्षिक कार्य कैलेंडर में 30 अप्रैल तक प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, डीडीओ मो. असलम, एआरटीओ सतेन्द्र राज, ईई विधुत अमित आनन्द, जल निगम केएन सेमवाल आदि सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे ।



