उत्तराखंडयूथसामाजिक

पिरूल प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

खबर सागर

पिरूल प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

 

जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनपद में पिरूल (चीड़ की सूखी पत्तियां) के संग्रहण एवं निस्तारण (ब्रिकेट/पेललेट निर्माण आदि) के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि पिरूल का सुनियोजित संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय सृजन के अवसर भी विकसित किए जा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकासखंडों में पिरूल कलेक्शन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रभागीय वनाधिकारी 30 अप्रैल तक विस्तृत रूट प्लान तैयार करें, जिससे पिरूल संग्रहण कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। इसके अतिरिक्त सभी खंड विकास अधिकारी (BDO) एवं खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर पिरूल संग्रहण की कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान नोएडा से आए टेक्नोलॉजी पार्टनर द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से Pellet Buyback Program की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से पिरूल के उपयोग से ब्रिकेट/पेललेट निर्माण कर न केवल वनाग्नि के जोखिम को कम किया जा सकता है, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में इस पहल को मिशन मोड में लागू करते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं स्वयं सहायता समूहों को भी इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया।

उक्त बैठक में डीएफओ टिहरी पुनीत तोमर, डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, डीएफओ संदीपा, सभी बीडीओ एवं बीईओ सहित संबंधित भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!