
खबर सागर
थौलधार के आपदा प्रभावित गांव रमोलसारी में 21 वर्षों बाद गांव पंहुची सड़क
थौलधार विकास खण्ड के चर्चित आपदा प्रभावित गांव रमोलसारी में ग्रामीणों की लगातार मांग के 21 वर्षों बाद शनिवार को विधायक निधि से निर्मित सड़क का उद्घाटन धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया है।
रमोलसारी गांव भले ही विकास खण्ड मुख्यालय से दस किमी० और छाम – मैण्डखाल मोटर मार्ग से पैदल तीन किमी० दूर है। किन्तु चर्चित इसलिए है क्योंकि 2004 में गांव के ऊपर से हुए भारी भूस्खलन के कारण पूरा गांव खतरे की जद में आ गया था। पचास प्रतिशत खेती तवाह हो गई थी जो आज भी यथास्थिति है।
रमोलसारी गांव प्रदेश का तीसरा गांव था जिसे आपदा के कारण पूरा विस्थापित करने का प्रस्ताव बनाया गया था। गांव छाम -मैण्डखाल मोटर मार्ग से तीन किमी० नीचे स्थित है सड़क तक आने के लिए खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। 2004 की आपदा में तत्कालीन सरकार द्वारा सड़क पर टैन्ट लगाकर आपदा राहत बांटी गई थी।
तत्कालीन सांसद व मंत्री भी गांव तक नहीं पहुंच पाए थे।समय बीतता गया गांव का पुनर्वास नहीं हुआ। आखिर प्रकृति ने ही हार मानी और भूस्खलन रुक गया। गांव के लोग जन्मभूमि के मोह में वापस अपने मकानों पर लौट गए। 2004 की आपदा में जब सरकारी तंत्र गांव नहीं जा पाया तो सड़क की आवश्यकता महसूस हुई। ग्रामीण भी पुनर्वास की मांग छोड़कर सड़क की मांग करने लगे।कई मौकों पर गांव से बीमार व दुर्घटना में धायल को डंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाया गया।जो अखबारों की भी सुर्खियां बनी। बड़े प्रयासों के बाद तीन वर्ष पूर्व लोनिवि० द्वारा 700 मीटर सड़क बनाकर छोड़ दी गई। सरकारी प्रक्रिया से हारकर ग्रामीणों ने विधायक जी पर दबाव बनाया तो उन्होंने विधायक निधि से दस लाख रुपए उपलब्ध कराए।तब जाकर ग्रामीणों ने ढाई किमी० सड़क का निर्माण किया।
शनिवार को वह सुखद क्षण आया जब विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने गांव के पुरोहित विनोद खण्डूड़ी से पूजा अर्चना कराने व रिवन काटकर अपनी गाड़ी गांव तक पहुंचाकर सड़क का उद्घाटन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा विधायक व उपस्थित जन प्रतिनिधियों का ढोल नगाड़े के साथ फूल मालाओं व शाल भेंट कर स्वागत किया। साथ ही सड़क बनाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए कोशल के ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि जन सुविधा के लिए निरन्तर कार्य किया जाए।उनका प्रयास रहेगा कि इस सड़क को लोनिवि० के द्वारा नवागांव तक निर्मित किया जाए।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, ग्राम प्रधान श्रीमती सावित्री चौहान, क्षेपंस रविन्द्र भण्डारी,जिला पंचायत सदस्य बंसूल वार्ड विनोद कुमार,जिला पंचायत सदस्य धमाड़ी वार्ड सुनील जुयाल, भाजपा मण्डल अध्यक्ष ललित खण्डूड़ी, पूर्व जिपंस जीत सिंह चौहान,पूर्व प्रधान सुमन सिंह राणा व हरि सिंह चौहान, सकला देवी, सेवा निवृत्त कैप्टन कमल सिंह चौहान, मैण्डखाल व्यापार मण्डल अध्यक्ष श्रीकृष्ण नौटियाल, अरविन्द भण्डारी, संजय चौहान, आलोक जुयाल, पार्षद महाबीर चौहान, ज्ञान सिंह राणा, उम्मेद सिंह,पुलम सिंह, गोविन्द रावत आदि मौजूद रहे।



