
खबर सागर
पहाड़ी से पैर फिसलने से युवक गंभी रूप से घायल पुलिस ने किया रेस्क्यू
पहाड़ी से लगभग 500 मीटर नीचे गिरकर घायल हुए युवक का टिहरी पुलिस एवं SDRF द्वारा सफल रेस्क्यू, बचाई गई एक अनमोल जान।
थाना मुनि की रेती को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शाम करीब 18.00 बजे नीर रिजॉर्ट के नीचे सड़क से एक युवक पहाड़ी से लगभग 500 मीटर नीचे ढंगार में गिर गया है और गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना प्राप्त होते ही थाना मुनि की रेती चौकी तपोवन की पुलिस टीम SDRF टीम तथा स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना होकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।
रेस्क्यू टीम द्वारा अत्यंत कठिन एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर घायल युवक को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया।
घायल की पहचान प्रेम कुमार ठाकुर, पुत्र श्री अशोक ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी गोयल डेरी, नजफगढ़, संत एन्क्लेव, दिल्ली के रूप में हुई है।
प्राथमिक उपचार के उपरांत घायल युवक को एंबुलेंस (108) के माध्यम से एसपीएस अस्पताल, ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवक को गिरने के कारण शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, किंतु समय रहते किए गए त्वरित रेस्क्यू के कारण उसकी जान बचाई जा सकी।*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक अपने दिल्ली निवासी 7 अन्य साथियों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश क्षेत्र आया था तथा लक्ष्मण झूला के समीप स्थित हनुमान मंदिर के आश्रम में ठहरे हुए थे। दिन के समय सभी युवक नीर क्षेत्र की ओर घूमने गए थे, जहां संतुलन बिगड़ने के कारण प्रेम कुमार ठाकुर अचानक पहाड़ी से नीचे गिर गया।



