
खबर सागर
समाज सेवा एवं दिव्यांग कल्याण को लेकर आयोजित हुआ कार्यक्रम
टिहरी जनपद के क्षेत्रांतर्गत चंबा स्थित सत्कार होटल में समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) टिहरी गढ़वाल द्वारा समाज कल्याण हेतु एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं विशेष अतिथि जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल तथा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने उपस्थित लोगों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सेवा भाव से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता कर समाज को प्रेरणा मिलती है और जनकल्याण के कार्यों को मजबूती मिलती है।
जिलाधिकारी टिहरी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘सक्षम संगठन’ द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है तथा सरकार ऐसे कार्यों में पूर्ण सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने बताया कि जनपद में आयोजित ‘जन-जन की सरकार’ शिविर के दौरान यह तथ्य सामने आया कि लगभग 90 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र अभी बनना शेष हैं, जिसे आगामी दिनों में विशेष शिविर आयोजित कर पूर्ण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सक्षम संगठन से अपील की कि वे इन शिविरों में भी सहभागिता कर योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में संगठन के जिलाध्यक्ष हर्ष मणि बहुगुणा ने कहा कि संगठन दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु निरंतर प्रयासरत है तथा समाज में दिव्यांगजनों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु संगठन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ श्याम विजय, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, कार्यक्रम संयोजक राकेश बहुगुणा, प्रधान बलवंत रावत, हरि कृष्ण भट्ट, दिनेश सेमल्टी, विनोद बहुगुणा आदि अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।



