
खबर सागर
थराली में सूना गांव के समीप बद्रीनाथ वन प्रभाग के जंगल में भीषण आग।
बद्रीनाथ वन प्रभाग के मध्य पिंडर रेंज में जंगलों में लगी आग ने वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी हैं, पिछले तीन दिनों से जंगलों में लगातार आग धधक रही है, जिस पर अब तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
समय से पहले जंगलों में आग लगने का मुख्य कारण क्षेत्र में लंबे समय से बारिश का न होना बताया जा रहा हैं, शुष्क मौसम और तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैल रही है, जिससे बड़े पैमाने पर वन संपदा को नुकसान पहुंचा है, थराली के सूना गांव के समीप वन विभाग के अधीन जंगलों में लगी आग से लाखों रुपये की बहुमूल्य वन संपदा जलकर राख हो चुकी है।
आग की चपेट में आने से चीड़, बांज, बुरांश सहित कई अन्य प्रजातियों के पेड़ झुलस गए हैं, इसके अलावा जंगलों में पाई जाने वाली जड़ी-बूटियां, घास और छोटी वनस्पतियां भी नष्ट हो रही हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
जंगलों में आग लगने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहे हैं, भोजन और पानी की कमी के चलते जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने की आशंका बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है, क्षेत्र में पहले से ही जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं और जंगलों का इस तरह जलना स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
बद्रीनाथ वन प्रभाग के रेंज अधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, फायर वॉचरों, वन कर्मियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, खड़ी चढ़ाई, शुष्क मौसम और तेज हवाएं राहत कार्यों में बाधा बन रही हैं, इसके बावजूद विभाग द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके और वन संपदा को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।



