
खबर सागर
गन्ना मूल्य वृद्धि पर अब 405 प्रति क्विंटल करने का आदेश जारी
उत्तराखंड सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी किए जाने के बाद भाजपा नेताओं में उत्साह साफ़ देखने को मिल रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए भाजपा नेताओं ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है।
सरकार ने गन्ना मूल्य में 35 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए अब इसे ₹405 प्रति क्विंटल करने का आदेश जारी कर दिया है।
बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि सरकार लगातार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा देने पर काम कर रही है। इसी क्रम में पात्र किसानों को वार्षिक 6000 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। यह राशि 2000–2000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में जमा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों को समय पर खाद और बीज खरीदने में मदद मिलेगी और उन्हें साहूकारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने बताया कि सरकार की प्राकृतिक खेती योजना के तहत प्रदेश के 6400 हेक्टेयर क्षेत्र में ‘जीरो इनपुट’ एवं रसायनमुक्त खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इससे प्रदेश में 8400 मेट्रिक टन रसायनमुक्त प्राकृतिक उत्पादों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।



