
खबर सागर
देश के थल सेनाध्यक्ष ने चीन बार्डर पर जवानों साथ मनाई दीपावली
उपेंद्र द्विवेदी थल सेनाध्यक्ष जनरल ने चीन सीमा पर तैनात जवानों के संग दीपावली पर्व हर्षोल्लास से मनाई। दिन रात बार्डर के प्रहरियों के साथ जमकर बात कर मनोबल बढ़ाया।
पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र में स्थित पंचशूल ब्रिगेड का दौरा करते हुए सेनाध्यक्ष ने अधिकारियों से तकनीकी एकीकरण, संचालनात्मक तैयारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय की जानकारी ली। उन्हें फॉर्मेशन द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्र-निर्माण अभियानों की भी ब्रीफिंग दी गई।
जनरल द्विवेदी ने फॉर्मेशन द्वारा अपनाए गए भू-तापीय ऊर्जा समाधान और अन्य हरित पहलों की सराहना करते हुए कहा कि यह सस्टेनेबल डिफेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कठोर सर्दियों के दौरान पानी और ईंधन के भूमिगत भंडारण की नवाचारी तकनीक की भी प्रशंसा की।
सेनाध्यक्ष ने जवानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च व्यावसायिक मानक भारतीय सेना की पहचान हैं। चीन सीमा के कठिन भू-भाग और प्रतिकूल मौसम में तैनात जवानों के अटूट समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों की निष्ठा और पराक्रम ही देश की सीमाओं की सच्ची रक्षा है।
पिथौरागढ़ में सेनाध्यक्ष की उपस्थिति सीमांत क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण रही।



